रायपुर सादात/नजीबाबाद। प्राथमिक विद्यालय कमरुद्दीन नगर बूथ पर फर्जी मतदान की अफवाह से खूब हंगामा हुआ। बूथ के अंदर मौजूद ग्राम पंचायत सदस्य पद के डाले जा रहे मतों की पेटी लेकर महिलाएं बाहर आ गईं। पुलिस ने बल प्रयोग कर मत पेटी को अपने कब्जे में लिया।
प्राथमिक विद्यालय कमरुद्दीन नगर में अपराह्न तीन बजे किसी ने अफवाह फैला दी कि बूथ पर फर्जी मतदान हो रहा है। अचानक ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। महिलाएं ग्राम पंचायत सदस्य पद की मत पेटी लेकर बाहर आ गईं तथा मत पेटी को आग लगाने का प्रयास किया।
हंगामे में दो-तीन मत पेटी से निकलकर बिखर गए। मोबाइल पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। हल्के बल प्रयोग के बाद मत पेटी को अपने कब्जे में ले लिया। सूचना मिलते ही एसडीएम नगीना, सीओ मौके पर पहुंच गए। कुछ देर मतदान रुका रहा। आधा घंटा अतिरिक्त समय देने के बाद 1548 मतों में से 1236 मतदाताओं ने वोट डाले।
उधर, किरतपुर में ग्राम पंचायत इस्लामपुर शाहली उर्फ मुस्सेपुर में दो प्रत्याशियों में फर्जी वोट डालने को लेकर विवाद हो गया। मौके पर तैनात पुलिस बल ने मामले को शांत कराया।
किरतपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत इस्लामपुर शाहली उर्फ मुस्सेपुर में दो उम्मीदवार ही चुनाव मैदान में हैं। दोनों के बीच कांटे की टक्कर है।
प्रधान पद के लिए अहसान चौधरी की पत्नी रोजा ने पर्चा भरा था। तो दूसरी ओर इसी पंचायत के पूर्व प्रधान असलम की पत्नी फरजाना चुनाव मैदान में थी। दोपहर बाद तीन बजे के करीब वोट डालने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
तनाव की सूचना पर एसडीएम एवं सीओ संजय राय भारी पुलिस बल लेकर गांव पहुंचे और जमा भीड़ को हटवाया।
शांतिपूर्ण रहा मतदान
किरतपुर। ब्लॉक में बाकी सभी ग्राम पंचायतों में चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। सुबह से ही लोगों की भीड़ बूथों पर दिखाई दी। ग्राम पंचायत खेड़ी, भोजपुर, पाड़ली, अनवरपुर चतर, खटाई, भनेड़ा, किथौड़ा मुफती, सिसौना, पाड़ला, कसौर, रामपुर विशना, गोपालपुर, गाजीपुर, कुम्हैड़ा, मुबारकपुर खोसा आदि ग्राम पंचायतों में शांतिपूर्ण मतदान हुआ।