ब्लॉक प्रमुख का अनिश्चितकालीन धरना शुरू
नजीबाबाद। ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह ने ग्राम प्रधानों, बीडीसी सदस्यों और किसानों के साथ महिला ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा लगाए गए आरोपों के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। प्रदर्शनकारियों ने दिन भर खंड कार्यालय का कामकाज ठप रखते हुए कर्मचारियों को कार्यालय से बाहर रखा।
ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह और ग्राम पंचायत की महिला अधिकारी के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया है। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि उनके द्वारा ग्राम पंचायत सचिवों को रोस्टर के अनुसार ग्राम पंचायतों में उपस्थित रहने और विकास कार्यों को गति देने को कहा गया था। महिला ग्राम पंचायत अधिकारी ने विकास कार्यों और निर्देशों की अनदेखी की। उन्होंने हाल ही में किरतपुर के लिए स्थानांतरण रद्द कराकर उन पर मनमाने और उनके चरित्र हनन से संबंधित आरोप लगाए हैं। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि जब तक उन पर लगाए आरोपों की निष्पक्ष जांच और महिला अधिकारी को ब्लॉक से नहीं हटाया जाता तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
राजवीर सिंह के संचालन में आयोजित धरना प्रदर्शन में प्रधान संघ के अध्यक्ष प्रशांत कुमार, जिला पंचायत सदस्य मो.यूनुस, अमर सिंह, रालोद रुहेलखंड क्षेत्र के महासचिव ब्रजराज सिंह, चौधरी कुलवीर सिंह, कुलदीप सिंह, सुनील चौधरी, करन सिंह, हिमांशु राजपूत, रामेश, दिलीप, भोपाल राठी, हेमलता आदि ने आंदोलन को स्वाभिमान और पद की गरिमा की दृष्टि से न्यायोचित बताते हुए समर्थन दिया।
एसडीएम पहुंचे धरना स्थल
एसडीएम मनोज कुमार सिंह ने तहसीलदार गोपेश तिवारी के साथ धरना स्थल पर पहुंचकर ब्लॉक प्रमुख से वार्ता की। एसडीएम ने जिला मुख्यालय पर उनकी मांग पहुंचाने का आश्वासन देते हुए धरना प्रदर्शन समाप्त करने का आग्रह किया। ब्लॉक प्रमुख और समर्थकों ने लगाए गए आरोपों को गंभीर बताते हुए कार्रवाई होने तक प्रदर्शन जारी रखने की घोषणा की।
उत्पीड़नात्मक कार्रवाई से डीएम को अवगत कराया
ग्राम पंचायत अधिकारी गौसिया अंसारी ने कहा कि उनके साथ जो भी उत्पीड़नात्मक कार्रवाई हुई है उससे जिलाधिकारी को लिखित रूप से अवगत कराया गया है। जिला प्रशासन द्वारा जांच की जा रही है।
कार्रवाई होने तक ठप रहेगा कार्यालय का कार्य
ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह के समर्थकों ने खंड कार्यालय के कर्मचारियों को सुबह 11 बजे कार्यालय से बाहर कर कामकाज ठप करा दिया। खंड कार्यालय पर दिन भर काम ठप रहा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक धरना, प्रदर्शन जारी रहेगा खंड कार्यालय पर कामकाज ठप रखा जाएगा।