चाचा-भतीजे के डिजिटल वॉलेट से 50 हजार रुपये उड़ाए
कोतवाली देहात। लक्की ड्रा का विनर बताकर एक हैकर ने एक युवक तथा उसके भतीजे के डिजिटल वॉलेट से 50 हजार रुपये उड़ा लिए। पुलिस को मामले की तहरीर दी गई है।
गांव हुसैनाबाद उर्फ दौलताबाद निवासी दीपक कुमार ने बताया कि उसके फोन पर किसी व्यक्ति का फोन आया जिसने उसे लक्की ड्रॉ का विनर बताया और उसके खाते में लक्की ड्रा में जीती हुई रकम भेजने की बात कहकर डिजिटल वॉलेट की खाता संख्या देने को कहा। उसने झांसे में आकर उसे खाता संख्या बता दी, जिसके बाद उसने फोन पर ओटीपी भेजकर उससे ओटीपी संख्या पूछ ली। उसके बाद हैकर ने उसके डिजिटल वॉलेट से 30 हजार रुपये उड़ा लिए। जब उसने हैकर से खाते में रुपये कटने की बात बताई तो उसने खाते में रुपये भेजने के लिए दूसरे वॉलेट की खाता संख्या मांगी। जिस पर उसने भतीजे रवि कुमार से उसके डिजिटल वॉलेट की खाता संख्या पूछकर हैकर को बता दी, जिसके बाद हैकर ने रवि कुमार के खाते से भी 20 हजार रुपये उड़ा दिया। जिसके बाद उसे मामला समझ में आया।