मंडावर में गांव डैबलगढ़ में बृहस्पतिवार की शाम विस्फोटक पदार्थ की पुड़िया बनाने के दौरान विस्फोट होने से एक किसान की मौत हो गई। किसान की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
गांव निवासी 55 वर्षीय धर्मपाल सिंह के खेत गंगा पार है। वह गेहूं व अन्य फसलों से जंगली जानवरों को दूर रखने के लिए बृहस्पतिवार शाम को घर में विस्फोटक पदार्थ की पुड़िया बना रहा था। विस्फोटक पदार्थ धमाके के साथ फट गए और उनकी चपेट में आकर धर्मपाल की मौके पर मौत हो गई। तेज आवाज के कारण गांव में भी हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। गांव वालों के मुताबिक किसान खेतों में आवाज करने के लिए विस्फोटक पदार्थों को कागज की पुड़िया में रखते हैं। गंगा पार फसलों की रक्षा करने का यही एक तरीका है। थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद शर्मा के मुताबिक किसान की मौत विस्फोटक पदार्थ की पुड़िया बनाने के दौरान हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।