नगीना में प्रदेश सरकार में खेल व युवा कल्याण मंत्री चेतन चौहान ने युवाओं से पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में एकजुट होकर कार्य करें और नरेंद्र मोदी को एक बार फिर देश का प्रधानमंत्री बनाएं।
हिंदू इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर आयोजित विजय लक्ष्य युवा सम्मेलन में मुख्य अतिथि ने कहा कि देश की रक्षा के लिए मजबूत चौकीदार के हाथों देश की कमान देनी होगी, ताकि देश पूरे विश्व में अपनी पहचान बना सके। चेतन चौहान ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल में सभी योजनाएं देश के गरीब लोगों के लिए चलाईं। उत्तर प्रदेश की सरकार ने युवाओं के लिए खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में मंगल मंडल बनाए। खेल सामग्री वितरित की ताकि युवा खेलों में प्रदेश व देश का नाम रोशन करें। ओलंपिक में गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को छह करोड़ दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले को चार करोड़ तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले को दो करोड़ का इनाम देने की घोषणा की है। उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने की भी अपील की। इससे पूर्व सम्मेलन को जिला अध्यक्ष राजीव सिसोदिया, विधायक ओम कुमार, राजू कालरा, अनूप वाल्मीकि, सुनील भराला, नगीना लोकसभा सांसद डॉ. यशवंत सिंह, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रवि चौधरी, जिला उपाध्यक्ष अजीत अग्रवाल, प्रमोद चौहान, डॉ. भूपेश चौहान और अमल खटीक आदि ने संबोधित किया। सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि चेतन चौहान, सम्मेलन युवा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष राजू कालरा, लोकसभा प्रभारी सुनील भराला, विधायक ओम कुमार, जिला अध्यक्ष राजीव सिसोदिया, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रवि चौधरी ने भारत माता, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, के चित्र पर माल्यार्पण व दीप जलाकर किया। सामूहिक रूप से वंदे मातरम गीत का गायन हुआ। सम्मेलन का संचालन राघव शरण और निशांत राठौर ने किया। जिला अध्यक्ष रवि चौधरी ने सभी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और चुनाव में घर घर जाकर भाजपा सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों को जन जन तक पहुंचाने तथा मतदाताओं को जागृत करने की अपील की।
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा कर सम्मेलन आयोजित
नजीबाबाद में भाजपा किसान मोर्चा के किसान सम्मेलन में पार्टी की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प दोहराया गया। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने छोटे किसानों को पेंशन देकर नामुमकिन को मुमकिन बनाया है। भाजपा किसान मोर्चा का मालन नदी टीला मंदिर क्षेत्र में एक बैंक्वेट हॉल में जिलाध्यक्ष अवनीश निरवाल का अध्यक्षता में किसान सम्मेलन आयोजित हुआ। सांसद डॉ. यशवंत सिंह व विधायक ओमकुमार ने कहा कि भाजपा ने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है। कुमुद कुमार, विक्रम खोबे के संयुक्त संचालन में आयोजित किसान सम्मेलन में मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष नवाब सिंह नागर, प्रदेश मीडिया प्रभारी राजेंद्र टंडन गोल्डी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव सिसोदिया, राजीव अग्रवाल, विक्रांत चौधरी, नरोत्तम त्यागी, नव निहाल सिंह, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नीलम कंडवाल ने नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प दोहराया। रमेश सिंह, पूनम गोयल, ज्योति शर्मा, तनु गोयल, मोनिका यादव, मनीषा सैनी, मनीष पाल, अवनीश निर्मल, कमल सैनी, ठाकुर ज्ञानेंद्र सिंह, वीरेंद्र शर्मा, शोभित चौधरी, महेंद्र सिंह, नितेश सैन, मनोज राठी, महिपाल गुर्जर आदि रहे।