सार
बिजनौर में पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर डेहरी गांव के पास कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में 42 वर्षीय सलीम अहमद की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लिया है।
बिजनौर के कोतवाली देहात क्षेत्र में पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर ग्राम डेहरी के पास कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार सलीम अहमद (42) की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों को उपचार के लिए बिजनौर भेजा गया था। अस्पताल में सलीम अहमद ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है।
बेटी के साथ बिजनौर जा रहे थे सलीम अहमद
ग्राम बेगमपुर शादी उर्फ रामपुर निवासी सलीम अहमद अपनी बेटी के साथ बाइक से बिजनौर जा रहे थे। ग्राम डेहरी के पास सामने से तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सलीम अहमद और उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें: यूपी: सांसद हरेंद्र मलिक हाउस अरेस्ट, बोले- देश में अघोषित आपातकाल; दिल्ली प्रदर्शन में जाने से रोका
अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
हादसे की सूचना पर बरुकी पुलिस चौकी प्रभारी मुन्ना लाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए बिजनौर भिजवाया। वहां उपचार के दौरान सलीम अहमद की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है।
कार चालक हिरासत में, तहरीर का इंतजार
पुलिस ने हादसे के बाद कार चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, तहरीर मिलने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।