बाइक सवारों ने की फायरिंग, दो युवक घायल
बिजनौर। इंदिरा पार्क के पास दिनदहाड़े स्कूटी व बाइक पर सवार दो युवकों पर बाइक पर सवार तीन युवकों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर घायल कर दिया। गंभीर हालत में एक युवक का मेरठ रेफर किया है। दूसरे को निजी अस्पताल में दाखिल कराया है। वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए।
बिजनौर के मोहल्ला सोतियान निवासी दिनेश कुमार सोती का 23 साल का पुत्र वैभव सोती अपने साथी आवास विकास कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय विशेष सोती, गन्ना सोसायटी पर रहने वाले अनिकेत व चक्कर रोड निवासी देवल सिंह के साथ बृहस्पतिवार को स्कूटी व बाइक से घूम रहे थे। देवल व विशेष बाइक पर थे। वैभव सोती व अनिकेत स्कूटी पर थे। सभी साथी दिन में करीब तीन बजे इंदिरा पार्क के पास खड़े थे। इस दौरान बाइक पर सवार होकर आए गांव सालमाबाद निवासी हैप्पी तोमर ने अपने दो साथी विशाल लोहरा व हिमांशु के साथ चारों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और फरार हो गए।
वैभव सोती व विशेष तोमर गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। हालत बिगड़ने पर विशेष तोमर को मेरठ रेफर किया है। वैभव को बिजनौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वैभव नेवी में मालदीप में तैनात है। चार माह की छुट्टी पर आया था। 22 जनवरी को उसे वापस जाना था। विशेष तोमर वीरा इंजीनियरिंग कालेज में बीकाम का छात्र है।
वैभव उसके साथियों के मुताबिक दो दिन पहले हैप्पी तोमर से शास्त्री चौक के पास स्कूटी ठीक कराने के दौरान विवाद हो गया था। बृहस्पतिवार को हैप्पी तोमर व उसके साथियों की बाइक पीड़ितों की स्कूटी से रगड़ खा गई थी। इस बात पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। शहर कोतवाल राजेश सोलंकी के मुताबिक घटना की तहरीर मिल गई है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हैं।
युवकों की हत्या करने आया था हैप्पी
बिजनौर। इंदिरा पार्क पर गोली बरसाने वाला हैप्पी तोमर युवकों की ताक में लगा हुआ था। मौका मिलते ही उसने उन पर पिस्टल व तमंचों से साथियों के साथ हमला बोल दिया। जरा सी बात पर इस घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस हैप्पी तोमर व उसके साथियों की तलाश में दबिश दे रही है।
गांव सालमाबाद निवासी हैप्पी तोमर का एक दिन पहले ही शास्त्री चौक पर स्कूटी खड़ी करने के दौरान वैभव सोती व विशेष तोमर के साथियों से विवाद हुआ था। इन युवकों को यह नहीं मालूम था कि हैप्पी तोमर अपने साथियों के साथ उनकी जान लेने पर उतर आएगा। बृहस्पतिवार को ये युवक इंदिरा पार्क में घूम रहे थे। हैप्पी तोमर अपने साथियों विशाल लोहरा व हिमांशु के साथ उन्हें ढूंढ रहा था। यह पता चलते कि सभी साथी इंदिरा पार्क के पास हैं, वह अपने साथ पिस्टल व तमंचा लेकर पहुंचा और गोलियां बरसा दीं। हैप्पी तोमर अपने साथियों के साथ इन युवकों की हत्या करने के इरादे से आया था। गनीमत रही कि वैभव की मोबाइल से टकराकर गोली जांघ में लगी। मोबाइल पुलिस अपने साथ ले गई। शहर कोतवाल राजेश सोलंकी के मुताबिक पुलिस हैप्पी तोमर व उसके साथियों की तलाश में जुटी है।