नगीना। गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर से बाइक सवार अशरफ की मौत हो गई। वह अपनी दो बेटियों की शादियों के लिए रिश्तेदारी में भात नौतने गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना किरतपुर के ग्राम भनेड़ा निवासी मो. अशरफ (54) अपने भाई मो. असलम के साथ बाइक द्वारा सोमवार की दोपहर अपनी दो बेटियों की शादियों के संदर्भ में ग्राम टांडामाई दास में भात नौतने गया था।
बताया जाता है की शाम करीब 6:30 बजे जब उसकी बाइक ग्राम रायपुर सादात मोड़ पर पहुंची तो गन्ने से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राॅली ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस की मदद से दोनों को नगीना सीएचसी में भर्ती कराया गया।
जहां चिकित्सकों ने अशरफ को मृत घोषित कर दिया। नगीना देहात पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया। बताया जाता है कि मृतक की दो बेटियों की शादी छह अप्रैल को प्रस्तावित है। मृतक की पत्नी की भी मौत करीब तीन साल पहले सड़क दुर्घटना भी हो चुकी है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को अपने कब्जे में ले लिया है।