राष्ट्रीय कौशल विकास कारपोरेशन के माध्यम से श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए आवेदन मांगे जा रहे हैं। राजमिस्त्री, टाइल्स कारीगर, शटरिंग कारीगर, जाल बनाने वाले कारीगर का कार्यों के लिए श्रमिकों के आवेदन मांगे गए हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि विदेश में कार्य करने के लिए पहली बार श्रमिकों के आवेदन मांगे गए हैं।
दिल्ली में एक कंपनी लेगी श्रमिकों का टेस्ट
मिली जानकारी के अनुसार, इस्राइल के लिए जो श्रमिक आवेदन करेंगे। उनका टेस्ट दिल्ली में एक कंपनी लेगी। जो श्रमिक जिस कार्य से संबंध रखेगा, उससे टेस्ट के दौरान वह काम कराकर देखा जाएगा। इसके लिए जनवरी के पहले सप्ताह तक आवेदन मांगे गए हैं।
श्रमिकों के आवेदन के लिए यह पात्रता जरूरी
श्रमिक का पासपोर्ट होना अनिवार्य है। श्रमिक को कम से कम एक वर्ष और अधिकतम पांच वर्ष की सेवा देना अनिवार्य है। श्रमिक अंग्रेजी भाषा को समझने, बोलने, पढ़ने में सक्षम होना चाहिए। इसके अलावा श्रमिक या श्रमिक परिवार ने पहले कभी इस्राइल में कार्य न किया हो। श्रमिक की आयु 21 वर्ष से 45 वर्ष होनी चाहिए। श्रमिक को कम से कम तीन वर्ष कार्य का अनुभव होना चाहिए।