बढ़ापुर वन रेंज क्षेत्र की ढकरिया बीट में गश्त के दौरान हाथी के तीन माह के नर बच्चे का शव पड़ा मिला। वन विभाग ने प्रथम दृष्टया ठंड से मौत की आशंका जताई है। वन अधिकारियों ने मौका मुआयना कर शव का पोस्टमार्टम कराया।
गश्त कर रही टीम ने मंगलवार सुबह कक्ष संख्या चार में शव पड़ा देखा। वनकर्मियों ने इसकी सूचना रेंज कार्यालय को दी। वन क्षेत्राधिकारी रमेश कुमार ने घटना की जानकारी वन अधिकारियों को दी। वन संरक्षक मुरादाबाद रमेश चंद्रा, एसडीओ अंशुमान मित्तल मौके पर पहुंचे और शव का परीक्षण किया।
एसडीओ अंशुमान मित्तल ने बताया कि मृत हाथी नर है और उसकी अनुमानित आयु लगभग तीन माह है। शव पर किसी भी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया हाथी के बच्चे की मौत ठंड के कारण होना प्रतीत हो रही है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पोस्टमार्टम करने वाली टीम में पशु चिकित्सक डॉ. एसपी सिंह कासमपुर गढ़ी, डॉ. रजनीश नगीना व डॉ. कासिम अली किरतपुर शामिल रहे। बढ़ापुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी रमेश सिंह ने बताया कि बच्चे के शव के पास हाथियों की लीद पड़ी मिली है। इससे प्रतीत होता है कि रात में हाथियों का झुंड शव के पास ही मौजूद रहा होगा और बच्चे की मौत होने पर शव को छोड़कर चला गया।