बिजनौर के गांव रुकनपुरा बहमनशोरा निवासी सेना का जवान शिवम कुमार छुट्टी पर घर आया हुआ था। वह गांव के ही मोहित के साथ मेरठ आ रहा था। मवाना में राफन चौराहे के पास भयानक दुर्घटना हेा गई, जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मेरठ रोड पर राफन चौराहे के पास गन्ने से लदे ओवरलोड ट्रक और बुलेट बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में सेना का एक जवान भी शामिल है, जो छुट्टी पर घर आया हुआ था।
विज्ञापन
मौके पर पहुंचे सीओ।
- फोटो : अमर उजाला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेरठ की ओर से आ रहा गन्ने से लदा ओवरलोड ट्रक मवाना की ओर जा रहा था। इसी दौरान मवाना की ओर से मेरठ की ओर आ रही बुलेट बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार दोनों युवक सड़क पर गिर गए। चालक घटना के बाद ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
मृतक युवकों की बाइक।
- फोटो : अमर उजाला
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ऑनलाइन बाइक नंबर की जांच के बाद मृतकों की पहचान बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव रुकनपुरा बहमनशोरा निवासी शिवम कुमार (28) और मोहित उर्फ भूरे (30) के रूप में हुई। शिवम भारतीय सेना में जवान था और अरुणाचल प्रदेश में तैनात था। वह हाल ही में छुट्टी पर घर आया था और किसी काम से अपने दोस्त मोहित के साथ मेरठ जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिवम ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन इसके बावजूद सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। शिवम की दो साल पूर्व शादी हुई थी और उसका कोई बच्चा नहीं था। वह अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। वहीं, मोहित अविवाहित था और खेती-बाड़ी का काम करता था।
भयानक था मंजर
दुर्घटना का मंजर अत्यंत भयावह था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवकों की मौत ट्रक के पहियों के नीचे आकर सिर कुचलने से हुई। शिवम का सिर हेलमेट सहित बुरी तरह कुचल गया था, जबकि मोहित की आंख बाहर आ गई थी। सिर के टुकड़े लगभग 30 मीटर से अधिक दूरी तक बिखरे हुए थे।
फरार ट्रक चालक की तलाश
घटनास्थल पर पहुंचे सीओ पंकज लवानिया और क्राइम इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और गन्ने से लदे ट्रक को कब्जे में ले लिया है। सीओ ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी और फरार ट्रक चालक को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।