एक नवंबर से पेराई करेगी बिजनौर चीनी मिल
बिजनौर। बिजनौर चीनी मिल एक नवंबर से पेराई शुरू कर देगी। मिल पिछले साल के मुकाबले इस साल एक पखवाड़ा पहले शुरू होगी। मिल के क्रय केंद्र एक या दो दिन पहले पेराई शुरू कर देंगे।
बिजनौर चीनी मिल से करीब 14 हजार किसान जुड़े हैं। ये किसान मिल के गेट पर या क्रय केंद्रों पर गन्ने की आपूर्ति करते हैं। बिजनौर चीनी मिल की बिक्री के खिलाफ सीबीआई जांच चल रही रही है। इसलिए मिल संचालन में थोड़ी आनाकानी करता है। दो साल पहले वेव ग्रुप की बिजनौर चीनी मिल ने मिल चलाने से ही हाथ खड़े कर दिए थे। डीएम को लिखे पत्र में मिल प्रशासन ने कहा था कि कई कारणों की वजह से मिल इस साल नहीं चल पाएगा। मिल की ओर से गन्ने की डिमांड कर बताया जाता है कि वह कितना गन्ना पेरने की स्थिति में है। पिछले साल मिल का संचालन भी सबसे देर से शुरू हुआ था। मिल के सभी सात क्रय केंद्र जल्दी स्थापित कर दिए जाएंगे। मिल की मरम्मत का काम भी पूरा हो चुका है। मिल ने गन्ने की डिमांड भी काफी समय पहले ही गन्ना विभाग को भेज दी है। जीएम इसरार अहमद के अनुसार मिल में मरम्मत कराई जा रही है। क्रय केंद्रों का निर्धारण हो गया है व बाकी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मिल का संचालन समय से शुरू हो जाएगा। एक नवंबर से पेराई की तैयारी की जा रही है।