दो युवकों ने जान जोखिम में डालकर बचाई दिव्यानी की जान
घटना के दौरान गांव मंझाड़ी निवासी सचिन और नितिन ने चारों को डूबता देखकर बचाने का प्रयास किया। दोनों ने अपनी जान जोखिम में डालकर गंगा में उतरकर उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की। उन्होंने 12 वर्षीय दिव्यानी के बाल पकड़कर उसे बाहर खींच लिया, जिससे उसकी जान बच गई। एक अन्य युवक का हाथ भी पकड़ लिया था, लेकिन वह फिसल गया और उसे बचाया नहीं जा सका।
शाम ढलने पर रोकना पड़ा सर्च अभियान
हादसे के बाद कई घंटे बीतने पर सर्च अभियान शुरू किया गया। गोताखोरों और बचाव दलों ने गंगा में डूबे लोगों की तलाश की, लेकिन शाम ढलने के बाद अभियान रोकना पड़ा। मंगलवार शाम को घटनास्थल पर पहुंचे डीएम जोगिंदर सिंह, एसपी केके बिश्नोई और एएसपी डॉ. केजी सिंह ने अधिकारियों को बुधवार तड़के से दोबारा सर्च अभियान शुरू करने के निर्देश दिए थे।
एसडीआरएफ और पीएसी के गोताखोर तलाश में जुटे
बुधवार सुबह नांगल पुलिस की निगरानी में सर्च अभियान फिर शुरू किया गया। गाजियाबाद से आई एसडीआरएफ की टीम और पीएसी के गोताखोरों को भी तलाश में लगाया गया है। कई टीमें गंगा में डूबी डॉली उर्फ गुड़िया और युवक की तलाश कर रही हैं।