शनिवार शाम बिजनौर के रहने वाले अबरार की टैक्सी को दिल्ली एयरपोर्ट जाने के लिए बुक किया गया। रात में ही अबरार अर्टिगा कार में एक महिला समेत तीन लोगों को बैठाकर दिल्ली एयरपोर्ट जाने के लिए बिजनौर से निकला। अबरार ने बताया कि बिजनौर शहर से निकलते ही तीनों यात्री गाड़ी तेज चलाने के लिए कहने लगे। कह कि उन्हें रात में तीन बजे दिल्ली एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़नी है और गाड़ी तेज चलाओ। मगर कोहरा होने के कारण अबरार गाड़ी को धीमी रफ्तार में ही चलता रहा।
बिजनौर बैराज के पास पहुंचने पर अबरार ने गाड़ी रोक दी और आगे जाने से मना कर दिया। इसके बाद गाड़ी में सवार दोनों लोगों ने उसके साथ मारपीट की और गाड़ी में तोड़फोड़ भी कर दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद चालक और यात्री दोनों वहां से चले गए।
इस घटना के कुछ देर बाद ही अचानक कार में आग लग गई। अबरार ने शहर कोतवाली पहुंचकर मारपीट और कार में आग लगाने की शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि यह साफ नहीं हो पाया की गाड़ी में आग कैसे लगी है। शहर कोतवाल धर्मेंद्र सोलंकी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।