सिरफिरे युवक ने युवती को गोली मार खुद भी जान दी
एकतरफा प्यार में एक सिरफिरे युवक ने मंदिर से लौट रही युवती को गोली मार दी और अपने घर जाकर खुद की कनपटी से तमंचा सटाकर गोली मारकर जान दे दी। घायल युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें: यूपी: घर से मंदिर के लिए निकली थी युवती, सिरफिरे आशिक ने रास्तें में रोककर बरसाईं गोलियां, फिर खुद घर जाकर उठाया खौफनाक कदम
मरने वाला युवक गौरव त्यागी (40) नूरपुर थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर ढीकली का रहने वाला था और उसकी पत्नी का निधन हो गया था। युवती दीक्षिता उर्फ मनु (22) भी इसी गांव की रहने वाली है। मनु शनिवार सुबह करीब सात बजे पूजा करने के लिए चामुंडा मंदिर गई थी। मंदिर से वापस लौटते समय गौरव ने उसे गोली मार दी। गोली मनु के हाथ मे लगी और उसने पास में ही स्थित एक घर में घुसकर जान बचाई। युवती को गोली मारने के बाद गौरव अपने घर पहुंचा और खुद भी आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक तरफा प्यार में घटना होने की बात सामने आ रही है। एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह, एसपी सिटी प्रवीण रंजन व सीओ चांदपुर शुभ सूचित ने गांव पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि गौरव ने युवती को गोली मारकर खुद आत्महत्या की है।