यूपी के बिजनौर जनपद में बालिका से दुष्कर्म की कोशिश करने वाले को सजा के तौर पर पांच जूते मारकर मामला खत्म कर दिया गया। मोहल्ले वालों ने आरोपी को पीड़िता के घर पर बुलाकर यह सजा दिलाई। मामले की नगर में चर्चा बनी रही। वहीं, कानूनी कार्रवाई के लिए पीड़ित पक्ष की तरफ से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
मामला नगर के एक प्रतिष्ठित व्यक्ति से जुड़ा है। उसके घर के सामने एक परिवार रहता है, जहां उस व्यक्ति का काफी आना जाना था। दो दिन पूर्व जब सामने वाले परिवार के लोग घर पर नहीं थे तो आरोपी ने उस परिवार की बालिका को अपने घर बुला लिया। आरोप है कि छेड़खानी कर बालिका से दुष्कर्म की कोशिश की। बालिका के शोर मचाने पर लोग एकत्र हो गए। इस दौरान बालिका रोती बिलखती हुई अपने घर गई और घटना के बारे में परिजनों को बताया। तब परिजन मोहल्ले वालों के साथ आरोपी के घर पहुंचे। आरोपी घर पर ही मिला और उसे खरीखोटी सुनाने के बाद वापस हो गए, लेकिन उससे मामला खत्म नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें: यूपी: दो सगी बहनों से दुष्कर्म मामले में पंचायत का तुगलकी फरमान
वहीं, बुधवार को मोहल्ले वालों ने आरोपी को पीड़िता के घर पर बुलाया। वहां परिजनों और मोहल्ले वालों ने आरोपी को खरीखोटी सुनाई। जब आरोपी ने मुंह नहीं खोला, तो मोहल्ले वालों ने फरमान सुनाया कि आरोपी को इस गलती की सजा जरूर मिलनी चाहिए। मोहल्ले वालों के फरमान पर पीड़ित बालिका और उसकी मां ने आरोपी को पांच जूते मार कर मामले को खत्म किया। आरोपी की पिटाई करने के बाद मामला खत्म हो गया है।