मेडिकल कॉलेज के बराबर में बनेगा केंद्रीय विद्यालय
मौजा मदसूदनपुर देवीदास में बन रहे राजकीय मेडिकल कॉलेज के बराबर में मंदिर के पास खाली पड़ी 50 बीघा भूमि में केंद्रीय विद्यालय भी बनाया जाएगा। विद्यालय के लिए प्रस्ताव कर भूमि आवंटित कर दी गई है। अब स्वाहेड़ी खुर्द में प्रस्तावित स्टेडियम भी स्वीकृत हो गया है, जो 30 बीघा भूमि में बनाया जाएगा।
बैराज रोड पर बड़े गड्ढों को स्थायी रूप से भरा
बिजनौर-बैराज रोड पर बने बड़े गड्ढों को नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों ने अब स्थाई रूप से भरवाना शुरू कर दिया है। पहले चरण में बैराजपुल के पास बने बड़े गड्ढों को स्थाई रूप से पक्का कर दिया गया। इसके अलावा भी कई और बड़े गड्ढे भर दिए गए हैं। हालांकि अभी भी कई छोटे गड्ढे शेष रह गए हैं, लेकिन हाईवे अथॉरिटी अभी दूसरे चरण में उन्हें भरने की बात कह रही है। इसके बाद अब बैराज पुल से दूसरी ओर बड़े गड्ढे भरे जा रहे हैं, जिनसे सबसे अधिक दुर्घटना का खतरा बना हुआ था। एनएच-119 के पीडी दिनेश चतुर्वेदी ने कहा कि गड्ढों को अब स्थाई रूप से भरवाया जा रहा है। सबसे पहले बड़े गड्ढे भरे जा रहे हैं। कुछ ही दिनों में सभी गड्ढों को भरवा दिया जाएगा।