‘अब मैं जीना नहीं चाहता, लौट कर नहीं आऊंगा’। यह बातें परवेज ने अपने छोटे भाई को फोन कर पांच दिन पहले कही थीं। अब मंगलवार को उसका शव नहर में उतराता हुआ मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया।
विज्ञापन
बिजनौर जनपद के गांव बुढ़नपुर के पास नहर में एक युवक का शव उतराता दिखाई दिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से निकलवाया, जिसकी पहचान परवेज 22 वर्ष पुत्र रईस निवासी मोहल्ला पहाड़ी दरवाजा पक्का बाग धामपुर के रूप में हुई।
मृतक के पिता रईस का कहना है कि उनका पुत्र गत 16 मार्च से घर से गायब था। परवेज का शव मिलने के बाद उसके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं थानाध्यक्ष आशीष तोमर ने बताया कि परवेज ने अपने छोटे भाई अयान को 16 मार्च की शाम साढ़े तीन बजे फोन किया था। परवेज ने कहा था कि अब मैं जीना नहीं चाहता और लौट कर नहीं आऊंगा। इसके बाद परिवार वालों ने नहर पर जाकर भी देखा लेकिन वह नहीं मिला।