उत्तर प्रदेश के बिजनौर में गजरौला शिव घर से लापता युवक का शव रविवार को गांव के जंगल में नहर के समीप मिला। इस पर परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस ने ससुर व साले को हिरासत में लिया है। हालांकि पुलिस घटना को आत्महत्या मान रही है।
कोतवाली शहर के गांव अमीपुर सुधा उर्फ जंदरपुर निवासी 30 वर्षीय इकरामुद्दीन ऋषिकेश में कबाड़ी का काम करता था। उसकी पत्नी गुलशन व दो पुत्री भी उसके साथ रहती थीं। परिजनों के मुताबिक एक सप्ताह पूर्व इकरामुद्दीन पत्नी व बच्चों के साथ गांव आया था। वह शनिवार दोपहर बाहर गया परंतु घर नहीं लौटा।
परिजनों द्वारा तलाशने के बाद भी उसका पता नहीं चल सका है। उसकी पत्नी गुलशन परिजनों व ग्रामीणों के साथ रविवार दोपहर तलाश करते हुए गांव गजरौला स्थित बिजलीघर के पीछे आम के बाग के समीप पहुंचे तो नहर के समीप एक गड्ढे में शव मिला। इससे परिजनों में कोहराम मच गया।
इकरामुद्दीन के चेहरे व गले पर चोट के निशान देख परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस को मौके से शराब के आधा दर्जन पाउच भी मिले। वहीं, सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं, पुलिस ने नगीना के मोहल्ला पहाड़ी दरवाजा निवासी मृतक के ससुर बाबू व साले दानिश को हिरासत में लिया है। घटना की जानकारी पाकर जंदरपुर में ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। इस पर सीओ ने पुलिस बल के साथ ग्राम जंदरपुर में पैदल मार्च किया। वहीं, मृतक के भाई की ओर से थाने में तहरीर दी गई है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/