बच्चे की मौत के बाद तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने लगाया पिंजरा।
- फोटो : अमर उजाला
मंडावली थाना क्षेत्र के गांव रामदासवाली में मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे गुलदार (तेंदुआ) ने छह वर्षीय बालक कनिष्क को मार डाला। कनिष्क घर के ही दुकान पर सामान लेने गया था, इसी दौरान गुलदार ने हमला कर दिया।
गांव रामदासवाली में डालचंद का पुत्र कनिष्क मंगलवार देर शाम करीब 7:30 बजे पास की दुकान समान लेने गया था। गन्ने के खेत से गुलदार ने निकलकर कनिष्क पर हमला कर दिया। सड़क पर खड़े परिजनों और ग्रामीणों ने शोर मचाया। शोर सुनकर गुलदार बच्चे को छोड़कर गन्ने के खेतों में भाग गया।
गुलदार के हमले में कनिष्क गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी गर्दन बुरी तरह जख्मी हो गई। परिजन घायल को नजीबाबाद के निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बालक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया।
उधर, बालक की मौत से परिजनों में मातम है। परिजनों और ग्रामीणों ने गुलदार को पिंजरा लगाकर पकड़ने की मांग की है। बताया गया कि गांव रामदासवाली वन विभाग के राजगढ़ वन रेंज के अंतर्गत आता है। सूचना पर वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और गुलदार पकड़ने के लिए पिंजरा लगा दिया है।
ये भी देखें...
Bijnor: गणेश जी की मूर्ति के साथ रामगंगा में बह गए दो भाई, पांच युवक बचकर बाहर निकले, किनारे पर चीख-पुकार