बिजनौर के नहटौर में मजदूरी कर घर लौट रहे मोनू सैनी की बाइक को कार ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। अधिकारियों के आश्वासन पर मामला शांत हुआ।
बिजनौर जनपद के नहटौर कस्बे में सोमवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम बूढ़पुर निवासी 32 वर्षीय मोनू सैनी पुत्र शंकर सैनी मजदूरी कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोनू की मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
हादसे के बाद मचा हंगामा
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोग जमा हो गए और सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई। लोगों ने शव उठाने से इंकार करते हुए मुआवजे और आरोपी चालक पर कार्रवाई की मांग की।
प्रशासन ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
सूचना पर एसडीएम धामपुर स्मृति मिश्रा, एएसपी पूर्वी अमित किशोर श्रीवास्तव और सीओ अभय कुमार पांडे मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को मुआवजे और कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने शव उठाने की अनुमति दी।
पुलिस ने किया पंचनामा, चालक हिरासत में
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।