धामपुर के गजरौला गांव में ससुरालियों ने रूबी चौहान (25) की गला दबाकर हत्या कर दी। बताया गया कि रुबी ने 15 दिन पहले ही बेटी को जन्म दिया। बेटे की चाह रख रहे ससुरालियों को बेटी का पैदा होना अखर रहा था। पुलिस ने हत्यारोपी पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है।
नजीबाबाद निवासी सुमित्रा देवी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें कहा कि उन्होंने करीब डेढ़ साल पहले बेटी रूबी की शादी मुकुल चौहान निवासी गजरौला थाना गजरौला से की थी। आरोप है कि मुकुल शराब पीने का आदी है और आए दिन उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था। लगभग दो सप्ताह पहले रूबी ने एक बेटी को जन्म दिया था। बेटे की चाहत रखने वाला ससुराल पक्ष के लोग बेटी पैदा होने के बाद रूबी से घृणा करने लगे।
आरोप है कि शनिवार की रात मुकुल ने रूबी की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसके शव का शेरकोट में खो नदी के किनारे अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। पड़ोस के लोगों से घटना की जानकारी मिलने पर मायके वाले दौड़े। परिजन पुलिस के साथ श्मशान घाट पहुंचे, लेकिन तब तक शव में केवल अस्थियां ही बची थीं। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने अस्थियों को कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाए।
उधर पुलिस ने हत्यारोपी पति मुकुल व उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अभय कुमार पांडे का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने शव दाह स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
नवजात से सिर से उठ गया ममता का साया
दो सप्ताह पहले जिस कन्या ने जन्म लिया। अभी उसने सही तरह से आंखें तक नहीं खोली। अब उसके सिर से मां का साया तो उठ ही चुका है।