नहटौर थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने एक युवक की जान ले ली। बृहस्पतिवार देर शाम गृह कलह के दौरान युवक ने कीटनाशक की गोलियां निगल लीं। गंभीर हालत में उसे बिजनौर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार, अकबरपुर निवासी सतीश (28) पुत्र पीतम का जमीन के बंटवारे को लेकर अपने पिता व परिजनों से विवाद चल रहा था। बृहस्पतिवार को परिवार के लोग एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए नहटौर गए थे। शाम को घर लौटने के बाद विवाद फिर से बढ़ गया। बताया गया कि इसी दौरान सतीश ने अपनी पत्नी लक्ष्मी को कीटनाशक की गोलियां दिखाते हुए कहा कि अब वह लौटकर नहीं आएगा और घर से निकलकर जंगल की ओर चला गया।
उसका बहनोई उसे रोकने के लिए पीछे दौड़ा। बहनोई ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन इससे पहले ही सतीश दो गोलियां निगल चुका था। बहनोई ने उसके हाथ से बाकी गोलियां छीन लीं। कुछ ही देर में सतीश की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल बिजनौर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद देर रात उसकी मौत हो गई। मृतक अपने पीछे गर्भवती पत्नी व अन्य परिजनों को छोड़ गया।
सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले के विवेचक रवीन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी देखें...
Meerut:'राधे-राधे! मेरी मौत से किसी का कोई लेना-देना नहीं', हथेली पर लिखा आखिरी संदेश, युवक ने की आत्महत्या