लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी प्रेमिका
आरोपी दिवाकर स्थानीय गैस एजेंसी पर कार्य करता है। नौ साल पहले उसकी मुलाकात किरतपुर के मोहल्ला आंबेडकर निवासी विजय पाल की पुत्री दीपा से हुई। जाति बंधन को तोड़ते हुए दिवाकर और दीपा से प्रेम विवाह कर लिया था। दो साल पहले दिवाकर के सजातीय युवती से प्रेम संबंध हो गए। वह प्रेमिका को बहादरपुर अपने घर ले आया, जिसका दीपा ने विरोध किया।
विरोध के चलते दिवाकर ने हरिद्वार में किराये का मकान लेकर प्रेमिका को वहीं रख लिया। करवाचौथ पर दिवाकर अपनी पत्नी दीपा के पास नहीं आया बल्कि हरिद्वार चला गया। अगले दिन जब दिवाकर घर लौटा तब पत्नी दीपा ने पूछताछ की तो दिवाकर ने उसके साथ मारपीट की।
पीड़िता के भाई अरुण कुमार ने तहरीर में आरोप लगाया है कि उसकी बहन दीपा को पति दिवाकर, ससुर सर्वेश, सास अनिता, बुआ चुन्नी देवी, ददेरी सास जगवती जाति सूचक शब्दों से ताना देते थे। सोमवार की रात आरोपियों ने दीपा पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। थाना प्रभारी शरद मलिक ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पति पत्नी में विवाद हुआ था। महिला ने पति पर जलाकर मारने के प्रयास का आरोप लगाया है। महिला आग से झुलसी है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। ....डा. प्रवीण रंजन सिंह, एएसपी सिटी