सोमवार को पवन हंस कंपनी का एक हेलीकाॅप्टर जो देहरादून से हल्द्वानी के लिए जा रहा था। जब वह सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे अफजलगढ़ क्षेत्र के गांव मीरापुर मोदीवाला के समीप पहुंचा तो अचानक हेलीकाॅप्टर में कोई तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते रेड सिगनल हो गया। इसके बाद हेलीकाॅप्टर को नागेन्द्र सिंह के खाली पड़े खेत में उतारना पड़ा।
हेलीकाॅप्टर को पायलट कैप्टन राजकुमार यादव चला रहे थे। उनके साथ सह पायलट कैप्टन रत्नेश सिंह तथा यात्री अरुण कुमार सिंह ब्यूरो आफ सिविल डिफेंस डायरेक्टर देहरादून मौजूद थे। ये तीनों लोग हेलीकॉप्टर से देहरादून से हल्द्वानी जा रहे थे। पायलेट राजकुमार यादव ने बताया कि रेड सिगनल मिलने के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।
दोनों पायलट व यात्री सुरक्षित हैं। पायलट राजकुमार यादव ने बताया कि देहरादून से इंजीनियर आ रहे हैं उनके आने के बाद ही यहां से टेकऑफ किया जाएगा। सूचना पर निरीक्षक अनोखेलाल गंगवार मय पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचे। मौके पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी।