मृतका का बेटा बहाल सिंह और शव मिलने के बाद मौके पर आए लोग।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के हीमपुर दीपा थानाक्षेत्र के गांव अजुपुरा जट में बीरो देवी (65) की गला दबाकर हत्या की गई थी, जबकि शोर मचाया गया कि गुलदार ने मार डाला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
सोमवार शाम बीरो देवी अपने बेटे बहाल सिंह उर्फ मनिया के साथ पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गई थी। गन्ने के खेत में मृत पड़ी मिली थी। बेटे ने गुलदार के हमले में मौत होने की बात कही थी। यही नहीं उसने गुलदार से संघर्ष कर मां को छुड़ाने की बात भी सभी को बताई। इसके बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई और वन विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा हुआ। मुआवजा देने के लिखित आश्वासन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका था।
मंगलवार को वन विभाग की ओर से अजुपुरा के जंगल में ड्रोन उड़ाकर गुलदार की तलाश की जाती रही। साथ ही दो पिंजरे भी लगाए गए ताकि गुलदार को पकड़ा जा सके। सीओ देश दीपक सिंह ने बताया कि घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया। रात करीब 11 बजे मालूम पड़ा कि उसके शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं है। ऐसे में हार्ट अटैक से मौत होने का अनुमान लगाया जा रहा था। गुलदार के हमले की बात तभी संदिग्ध लगने लगी थी।
उधर मंगलवार शाम बीरो देवी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। साथ ही मृतका के शरीर पर कई जगह सूजन भी मिली। इसके अलावा पसलियों के दबने की बात भी सामने आई है। अब पुलिस हत्यारे की तलाश में जुटी है। झूठ बोलने के कारण बेटा बहाल सिंह भी पुलिस की जांच के निशाने पर है।
ये भी देखें...
Bijnor: चाकू से 12 वार कर पत्नी की हत्या, कोर्ट ने हत्यारे पति को दी ये सजा; बहन ने लड़ी इंसाफ की लड़ाई