स्योहारा में साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसा गया है। दो आरोपियों ने सहसपुर में फर्जी तरीके से जनसेवा केंद्र खोल रखे थे, जिनकी आड़ में साइबर ठगी का खेल चल रहा था। दो दिनों में पुलिस 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
हाई सिक्योरिटी नंबर की आड़ में साइबर ठगी करने में पुलिस ने 11 और आरोपियों को दबोच लिया है। आरोपियों ने परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से मिलती-जुलती फर्जी साइट बनाकर देशभर के लोगों को ठगा। पकड़े गए आरोपियों का चालान करते हुए अदालत में पेश किया गया, जहां से इन्हें जेल भेज दिया। इससे पहले नूरपुर पुलिस भी सात साइबर अपराधियों को पकड़कर जेल भेज चुकी है।
विज्ञापन
शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज हुई शिकायतों का विश्लेषण करने के बाद स्योहारा पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने दो जनसेवा केंद्र संचालकों समेत 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया कि देश के अलग-अलग राज्यों से नौ शिकायतें मिली थीं, जिन्हें हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के नाम पर ठगा गया।
आरोपियों ने परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट की हूबहू नकल करके एआई के माध्यम से फर्जी वेबसाइट बनाई। उक्त फर्जी वेबसाइट पर नंबर प्लेट के लिए आवेदन करने वाले लोगों का पैसा आरोपियों के खाते में पहुंच रहा था। जबकि आवेदन करने वालों को लगता कि उन्होंने प्लेट का सरकारी शुल्क चुकाया है। नंबर प्लेट नहीं मिलने पर ठगी का अहसास हुआ तो शिकायतें दर्ज हुईं। सीओ धामपुर अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि साइबर वज्र अभियान के तहत कार्रवाई की जा रही है। अभी यह अभियान सात दिनों तक चलेगा।
परचून की दुकान में असद ने जमाया सेटअप
सहसपुर में बिलाल और अमजद ने अपने-अपने जनसेवा केंद्र खोल रखे थे, जबकि असद अपनी परचून की दुकान में कंप्यूटर रखकर लेनदेन करता रहा। बिलाल और अमजद के पास जनसेवा केंद्र का लाइसेंस भी नहीं था। फर्जी तरीके से ही जन सेवा केंद्र संचालित करते मिले।
42 बैंक पासबुक और 33 डेबिट कार्ड बरामद
आरोपियों के पास से 61 आधार कार्ड, 42 बैंक पासबुक, दस चेकबुक, 33 एटीएम कार्ड, 15 वोटर आईडी कार्ड, 19 पैन कार्ड, चार डीएल, चार लैपटॉप, दो प्रिंटर, एक मॉनीटर, एक फिंगर प्रिंट लेने की मशीन आदि सामान बरामद हुआ है। इसके साथ ही एक लाख बीस हजार रुपये नकद और 88 हजार रुपये खातों में फ्रीज कराए गए हैं।
खाताधारकों को रकम निकालने का देते थे कमीशन
आरोप जनसेवा केंद्र संचालक बैंक खाते खुलवाने के साथ-साथ उन खाताधारकों को कमीशन देते थे, जिनके खाते में ठगी की रकम आती थी। रकम आने पर उन्हें कमीशन देकर निकलवा लेते थे।
ये हुए गिरफ्तार
मिराजुद्दीन, असद, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद इरफान, बिलाल निवासीगण मेवा नवादा, मोहम्मद शाकिब निवासी सूरानंगला, नईम अहमद और परवेज निवासीगण मकसूदपुर, मोहम्मद समद निवासी मोहल्ला चौधरियान कस्बा सहसपुर, अमजद अली निवासी फैजुल्लापुर तथा इलमा चौधरी निवासी मोहल्ला इस्लामनगर स्योहारा को गिरफ्तार किया गया है।