बिजनौर में अपने कैंप कार्यालय में चीनी मिल अफसरों की बैठक लेते डीएम रमाकांत पांडेय।
- फोटो : BIJNOR
बिजनौर, चांदपुर और बिलाई मिल भुगतान में फिसड्डी
बिजनौर। गन्ना मूल्य भुगतान करने में बिजनौर, चांदपुर और बिलाई चीनी मिल फिसड्डी है। जिलाधिकारी रमाकांत पांडे ने समीक्षा करके गन्ना मूल्य भुगतान निर्धारित मानक के अनुसार करने तथा चीनी, शीरा आदि का स्टॉक चेक करके उसकी बिक्री से भुगतान कराने का निर्देश दिया है।
बृहस्पतिवार रात जिलाधिकारी रमाकांत पांडे ने कैंप कार्यालय पर गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा की। उन्होंने जिला गन्ना अधिकारी से प्रत्येक चीनी मिल द्वारा किए गए गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर चर्चा की। निर्देश दिया कि जिन मिलों द्वारा निर्धारित मानक के अनुरूप भुगतान नहीं किया गया है, उनके चीनी, शीरा आदि का स्टॉक की जांच करें और उसे विक्रय कराने की नियमानुसार कार्रवाई कर भुगतान कराना सुनिश्चित करें।
समीक्षा के दौरान 19 फरवरी तक सभी चीनी मिलों द्वारा देय भुगतान 182448.69 लाख रुपये के सापेक्ष कुल 103512.71 रुपये अर्थात 63.41 प्रतिशत गन्ना मूल्य का भुगतान किया है। उन्होंने बताया कि उक्त तिथि तक बहादुरपुर 95.47, बुन्दकी 95.42, धामपुर चीनी मिल द्वारा 91.69, स्योहारा 73.13, बरकातपुर 46.75, बिलाई 8.11, चांदपुर 0.54, बिजनौर 0.00, सहकारी द्वारा 82.78 प्रतिशत गन्ना मूल्य का भुगतान किसानों को किया गया है।