बिजनौर जनपद के नहटौर में गुरुवार सुबह हुई बारिश एक परिवार के लिए भारी साबित हुई। बारिश के चलते एक पशुशाला की छत भरभराकर गिर गई, जिससे अंदर बंधे तीन पशु मलबे में दबकर मर गए।
विज्ञापन
मोहल्ला होली में नूरपुर रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने से ग्राम लठमार मिलक जाने वाली लिंक रोड पर स्थित कॉलोनी में किसान तुफैल पुत्र शहाबुद्दीन का घर है। घर के पास ही उसने पशुशाला बना रखी है। जिसमें उसने लगभग 20 पशु पाल रखे हैं।
बताया जाता है कि वर्षा के कारण वृहस्पतिवार की सुबह करीब चार बजे पशुशाला छत गिरने लगी। जिसके नीचे चार पशु दब गए। बाकि पशुओं को किसान व उसके परिजनों ने तुरंत बहार निकाला।
पशुओं को निकालते समय तुफैल के दामाद नफीस अहमद (40), पुत्री समर जहां (38), शबाना (25), जाकिया (22) घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहीं, मलवा हटाकर उसमें दबे हुए पशुओं को निकाला गया तो उनमें से तीन भैसों की मौत हो गई थी जबकि एक गंभीर रूप से घायल थी।
सूचना पर मौके पर पहुंचे प्रभारी तहसीलदार कपिल कुमार आजाद, लेखपाल ब्रह्म सिंह रवि ने परिजनों से घटना के विषय में जानकारी ली। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.अनुराग चौधरी को मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कराया।
राजस्व विभाग की टीम ने नुकसान का भी आकलन किया। लेखपाल ब्रह्म कुमार रवि ने रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजकर किसान को आर्थिक सहायता दिलाने की बात कही है।