लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला
रविवार सुबह करीब दस बजे अमित वर्मा अपने भाई रोहित वर्मा के साथ कैंटीन जा रहा था। जैसे ही दोनों सरगम सिनेमा के पास पहुंचे, वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। आरोप है कि जान से मारने की नीयत से अमित के सिर पर लोहे की रॉड से भी वार किया गया।
मोबाइल और नकदी भी ले गए आरोपी
मारपीट में दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आईं। इसी दौरान रोहित वर्मा का एक मोबाइल फोन और करीब 7,700 रुपये मौके पर गिर गए, जिन्हें आरोपी उठाकर ले गए। जाते-जाते आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
पांच नामजद आरोपियों पर केस दर्ज
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मोहल्ला शांतिकुंज निवासी रोहित पुत्र महिपाल सिंह, आकाश, अभय, निर्भय सैनी और मोहल्ला चिम्मन निवासी अमन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।