बास्केटबाल मैच में बिजनौर ने बदायूं को हराया
बिजनौर। बरेली जोन की तीन दिवसीय अंतरजनपदीय पुलिस खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत रविवार को हुई। बास्केटबाल में बिजनौर ने बदायूं को मात दी। वहीं योगा में भी जिले की पुलिस टीम अव्वल रही।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने गुब्बारे और कबूतर उड़ाकर किया। डीएम उमेश मिश्रा, डॉ. धर्मवीर सिंह, एएसपी सिटी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह, सीओ सिटी कुलदीप कुमार गुप्ता, आरआई शिवबालक वर्मा भी मौजूद रहे।
बास्केटबाल के पहले मैच में बिजनौर ने बदायूं को मात दी। दूसरे मैच में रामपुर ने अमरोहा को मात दी। तीसरे मैच में शाहजहांपुर ने बरेली को हराया। वॉलीबाल के पहले मैच में संभल ने बरेली को हराया। दूसरे में बिजनौर ने रामपुर को हराया।
टेबल टेनिस में पुरुष वर्ग फाइनल मैच बरेली व मुरादाबाद के मध्य खेला गया, जिसमें बरेली ने विजय प्राप्त की। महिला वर्ग में बरेली ने विजय प्राप्त की। योगा में बरेली जोन की आठ टीमों ने भाग लिया, जिसमें जनपद बिजनौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पुलिस की टीमों ने मैच रोमांचक तरीके से प्रदर्शन किया और दमखम दिखाया। खेल प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में विकुल, धीरज भारद्वाज, अशोक त्यागी, आदेश दाहिमा, योगेश त्यागी, भावना सिंह, अमित नारायण, सुखविंदर सिंह, अजित कुमार, दीपक चौधरी, चंद्रशेखर, ओमवीर राणा रहे।
बिजनौर पुलिस लाइन में टेबिल टेनिस अंतरजनपदीय प्रतियोगिता में भाग लेते खिलाड़ी।- फोटो : BIJNOR
बिजनौर पुलिस लाइन में अंतरजनपदीय प्रतियोगिता के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते मंडलायुक्त ?- फोटो : BIJNOR