शेरकोट के मोहल्ला तैयब सराय निवासी मोहम्मद नफीस अहमद ने बताया कि उनकी पत्नी शाहीन स्योहारा मंसूर सराय में अपने मायके में थी। बुधवार को वह स्योहारा मायके से ऑटो में सवार होकर ससुराल शेरकोट आ रही थी। इस दौरान धामपुर थाना क्षेत्र में मुरादाबाद मार्ग पर हैजरी गांव के पास सामने से तेज गति से आ रही जिप्सी ने ऑटो में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद ऑटो सड़क किनारे पलटकर कई फीट गहरी खाई में जा गिरा। वहीं जिप्सी कुछ दूर जाकर बिजली के खंभे से टकरा गई। ऑटो में करीब छह लोग सवार थे। पांच को मामूली चोटें आने पर उनके घर रवाना कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल शाहीन को सूचना पर पहुंची 112 एंबुलेंस से धामपुर के सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने शाहीन को मृत घोषित कर दिया।
शाहीन दो बच्चों की मां थी। नफीस ने बताया कि शाहीन उसकी दूसरी पत्नी थी। पहली पत्नी की 15 साल पहले मौत हो गई थी। वह मजदूर है, पत्नी के चले जाने के बाद अब वह अपने बच्चों को कैसे पालेगा। उधर पुलिस ने जिप्सी को कब्जे में लेकर चालक रानी बाग कॉलोनी निवासी पवित्र चौहान पुत्र वीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अभय कुमार पांडे का कहना है कि शाहीन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।