घटना के बाद सीएचसी पर मौजूद पुलिस व ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
गांव दतियाना में शराब के ठेके पर हुए विवाद के बाद नशे में धुत ट्रैक्टर चालक ने जमालुद्दीनपुर के खेड़ा तिराहे पर खड़े लोगों पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। ट्रैक्टर से कुचले जाने पर बाबूराम और उदयवीर की मौके पर मौत हो गई, जबकि महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ देर बाद महेंद्र की भी मौत हो गई। घटना के बाद चालक भागने लगा, लेकिन बिजली के पोल से टकराकर ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में चालक भी घायल हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार, थाना चांदपुर क्षेत्र के दतियाना स्थित शराब के ठेके पर बुधवार शाम जमालुद्दीनपुर और दतियाना गांव के लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई। इसकी जानकारी जमालुद्दीनपुर पहुंची तो गांव के कुछ लोग खेड़ा तिराहे पर एकत्र हो गए। इसी दौरान रात करीब पौने नौ बजे दतियाना निवासी चालक ने नशे की हालत में ट्रैक्टर भीड़ की ओर दौड़ा दिया।
ट्रैक्टर की चपेट में आने से जमालुद्दीनपुर निवासी बाबूराम (40) पुत्र खुशीराम, उदयवीर (60) पुत्र कलवा और महेंद्र (60) पुत्र प्रकाश सिंह घायल हो गए। तीनों को सीएचसी स्याऊ ले जाया गया, जहां बाबूराम और उदयवीर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। महेंद्र की हालत गंभीर थी और उनके परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए। कुछ देर बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
पोल से टकराकर पलटा ट्रैक्टर
घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से भागने लगा। कुछ दूरी पर ट्रैक्टर बिजली के पोल से टकराकर पलट गया। हादसे में चालक भी घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये भी देखें...
मेरठ: किराएदार से था दो हजार रुपये का विवाद, मालिक के घर में लगा दी आग, एक करोड़ का नुकसान; दो गिरफ्तार