जिस पति की लंबी उम्र की कामना के लिए पत्नी ने करवा चौथ का निर्जला व्रत रखा था, उसे क्या पता था कि दो दिन बाद ही उसकी मांग का सिंदूर उजड़ जाएगा। जिस घर में करवाचौथ की खुशियां थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा है। पति की मौत से पत्नी वर्षा रानी और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पांच साल की मासूम बेटी और तीन साल के बेटे को अभी यह भी एहसास नहीं कि उनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है।
ग्राम धर्मूवाला निवासी किसान प्रभु सिंह के 34 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार पाल संभल जनपद के थाना बहजोई में पुलिसकर्मी के पद पर तैनात थे। वर्ष 2016 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए राहुल की तैनाती डायल 112 में थी। उनकी पत्नी वर्षा रानी भी पुलिस विभाग में सिपाही हैं और दोनों की तैनाती थाना बहजोई में ही है।
राहुल कुमार अपनी पत्नी के साथ 25 अक्तूबर को करवाचौथ का पर्व मनाने गांव आए थे। दोनों को रविवार को छुट्टी पूरी होने के बाद वापस बहजोई पहुंचकर अपनी ड्यूटी ज्वाइन करनी थी। परिवार में त्योहार की खुशियां थीं और पत्नी ने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखकर ईश्वर से सलामती की दुआ मांगी थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि खुशियों का यह माहौल इतनी जल्दी मातम में बदल जाएगा।
बताया गया कि शनिवार को राहुल कुमार घर में बिजली का प्लग लगा रहे थे। इसी दौरान टूटे हुए तार की चपेट में आने से उन्हें करंट लग गया और वह बेहोश होकर गिर पड़े।आनन-फानन परिजन उन्हें उपचार के लिए नगीना के निजी चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राहुल की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वर्षा रानी बदहवास हो गईं। जिस जीवनसाथी के साथ कुछ दिन पहले उन्होंने करवाचौथ का त्योहार मनाया था, उसी के अचानक बिछड़ जाने से उनका संसार उजड़ गया। दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठने से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। पूरे गांव में हर आंख नम है।
ये भी देखें...
बागपत: खेड़ा इस्लामपुर में तीन लोगों को गोली मारने वाले दो आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली