साइकिल से जाने वाले मजदूरों को बार्डर पर रोका
हल्दौर। मुरादाबाद सीमा पुलिस ने पंजाब व बिहार राज्य से लॉकडाउन के दौरान साइकिलों से गंतव्य को जा रहे डेढ़ दर्जन लोगों को रोक लिया और वापस भेज दिया। गांव खासपुरा में स्थित सांई बाबा के मंदिर में मजदूरों के पहुंचने पर ग्रामीणों ने उन्हें सूक्ष्म जलपान कराया और सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस सभी लोगों को थाने ले गई और उनके रहने की व्यवस्था की।
लॉकडाउन के चलते पंजाब में मजदूरी करने वाले यूपी, बिहार समेत कई राज्यों के मजदूर साइकिलों से घरों को लौट हो रहे है। रविवार सुबह करीब चार बजे कुछ मजदूर अपनी साइकिलों से बिजनौर की सीमा से लगे गांव पीर उमरी पहुंचे। वहां मुरादाबाद पुलिस ने सभी मजदूरों को रोक दिया और वापस बिजनौर की ओर रवाना कर दिया। मजदूर वापस लौटते समय गांव खासपुरा में स्थित सांई बाबा के मंदिर में पहुंचे। ग्रामीणों ने मजदूरों को सूक्ष्म जलपान कराया और मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मजदूरों को अपने साथ थाने ले गई। थाना प्रभारी निरीक्षक कांति प्रसाद शर्मा ने बताया कि मजदूरों के स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद उनके उनके रहने व खानपान की व्यवस्था की जा रही है।
श्रमिकों और छात्रों को लेकर नजीबाबाद से गुजरीं 30 बसें
भागूवाला/नजीबाबाद। लॉकडाउन में उत्तराखंड के मजूदरों और छात्रों को लेकर बड़ी संख्या में बसें नजीबाबाद से गुजरीं। भागूवाला चौकी पर बसों की चेकिंग की गई। देहरादून में लॉकडाउन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र और श्रमिक फंसे थे। 25 मार्च को लॉकडाउन शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में उत्तराखंड से श्रमिकों ने पैदल कूच किया था। बाद में प्रशासन ने श्रमिकों का आवागमन सख्ती के साथ रोक दिया था। उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के श्रमिकों और छात्रों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने का फैसला लिया। रविवार को दोपहर तक उत्तराखंड से लगभग तीस बसें उत्तर प्रदेश के भागूवाला चेक पोस्ट से होती हुई हल्द्घानी, पिथौरागढ़ आदि क्षेत्रों के लिए गुजरीं। भागूवाला चौकी प्रभारी बलराम यादव ने क्षेत्र से गुजरी बसों की एंट्री का उन्हें गंतव्य के लिए रवाना कराया।
क्वांरटीन अवधि के बाद दो श्रमिकों को घर भेजा
धामपुर (बिजनौर)। मनभावन बैंक्वेट हॉल में बने आश्रय स्थल में फिलहाल 42 लोगों को ठहराया हुआ है, जिसमें से क्वारंटीन अविध पूरी करने वाले देहरादून निवासी दो श्रमिकों को परीक्षण के बाद उनके घर भेज दिया है। शिविर प्रभारी विकास गुप्ता ने बताया कि उनके यहां देहरादून केदारपुर के दो श्रमिकों अनुज मौर्य, मनीष थापा क्वारंटीन में थे। इनका 14 दिन का समय यहां पर पूरा हो गया है। जिन्हें परीक्षण के बाद दोनों को उनके घर भिजवाने की प्रशासन की ओर से व्यवस्था की गई है।
सऊदी अरब में फंसे पांच दर्जन लोग
अफजलगढ़। गांव मुनीरनगर पर्वतपुर व नावका के करीब पांच दर्जन लोग सऊदी अरब में फंसे हैं, जो कि विमान सेवा नहीं चलने के कारण नहीं आ पा रहे हैं। वही उनका वीजा भी समाप्त हो चुका है। पीड़ितों ने सरकार से उन्हें वापस बुलाने की गुहार लगाई है। गांव पर्वतपुर व नावका निवासी चुन्ना सिंह, विजयपाल सिंह, कुं वर पाल सिहं, नन्हे सिंह, बाबूराम तथा जसवंत सिंह आदि ने बताया कि गांव के ही परवेंद्र, पंकज, अनुज, शीशपाल, महेंद्र सिंह, रवि कुमार, ज्योतिप्रकाश व कमलकांत आदि करीब पांच दर्जन मजदूर रोजगार की तलाश में छह माह के एग्रीमेंट पर विजिट वीजा से सऊदी अरब गये थे। जो कि लॉकडाउन में विमान सेवाएं बंद रहने से वहीं पर फंस गए हैं। उनका कहना है कि कं पनी टिकट देने के लिए राजी है, किंतु विमान नहीं चल पा रहे हैं। उनका वीजा भी समाप्त हो चुका है। उन्हें वहां खाने-पीने की दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
मजदूरों को उनके घर क्वारंटीन किया
नगीना। एसडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य ने बताया की राजस्थान व हरियाणा से बस द्वारा आए मजदूरों को उनके घरों में क्वारंटीन करने के लिए भेज दिया गया है। एसडीएम ने बताया की रविवार को बस द्वारा राजस्थान से 150 मजदूर तथा हरियाणा से 25 मजदूर तहसील क्षेत्र के रहने वाले नगीना पहुंचे। उन्होंने बताया कि सभी मजदूरों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद उनके घरों तक बसों द्वारा भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि सभी को 14 दिन तक अपने-अपने घरों में क्वांरटीन रहने के निर्देश दिए गए हैं।
लुधियाना से आ रहे 17 मजदूरों को क्वारंटीन सेंटर भेजा
नहटौर। लुधियाना की एक फैक्टरी में काम करने वाले प्रयागराज, हरदोई, प्रतापगढ़ के 17 मजदूर छह दिन पूर्व अपने घरों के लिए साइकिल से निकले थे। नहटौर पहुंचने पर हल्दौर चौराहे पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें केले आदि खिलाए। उसके बाद एसएनएसएम इंटर कॉलेज में बने क्वारंटीन सेंटर में भेज दिया है। कोतवाल सत्य प्रकाश सिंह का कहना है कि सभी लोगों को क्वारंटीन सेंटर भेजकर जांच कराई जाएगी ।
34 लोगों को क्वारंटीन किया
स्योहारा। पुलिस ने तेलंगाना प्रदेश के हैदराबाद, हरदोई, इलाहाबाद आदि से एक व तीन मई को वापस आपने गांव मेवानवादा, नागल कोया, आलापुर, तकीसराय, नवादा केशो, टांडा बेरखेड़ा, दूल्हापुर के 34 लोगों को एमक्यू इंटर कालेज में बने क्वारंटीन सेंटर भेजा।
14 दिन क्वारंटीन होने के बाद धामपुर से अपने घर देहरादून जाते श्रमिक।- फोटो : DHAMPUR
नजीबाबाद के भागूवाला से श्रमिकों को लेकर गुजरतीं उत्तराखंड की बसें।- फोटो : NAZIBABAD