अयोध्या में भूमि पूजन, बिजनौर में पुलिस अलर्ट
बिजनौर। अयोध्या में राम मंदिर भूमि पूजन को लेकर बिजनौर जिला पुलिस अलर्ट हो गई है। जिले में चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी गई है। जिले की सीमाएं सील रहेंगी। 37 बैरियर लगाए गए है, तीन कंपनी पीएसी के अलावा बड़ी तादाद में पुलिस भी तैनात रहेगी। ड्रोन कैमरे से निगरानी होगी।
बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर का भूमि पूजन होना है। जिसको लेकर बिजनौर प्रशासन ने जिले में अलर्ट घोषित किया है। सुरक्षा की दृष्टि से जिले में 135 सेक्टर व 26 जोन बनाए गए हैं। दो सुपर जोन बने हैं। ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में छह-छह क्यूआरटी मोबाइल लगाई गई हैं। जो हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं।
एसपी संजीव त्यागी के मुताबिक जिले की सीमाएं सील कर दी हैं। उत्तराखंड व अन्य सीमाओं पर 14 बैरियर लगाए गए है, इसके अलावा 23 बैरियर जिले में लगाए गए हैं। ड्रोन कैमरों से निगरानी होगी। जिले के हर सर्किल में ड्रोन कैमरे दे दिए गए हैं। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील इलाकों पर पुलिस की खास नजर रहेगी। गड़बड़ी करने वालों को पुलिस ने चिह्नित कर लिया है। पुलिस पूरे दिन सड़कों पर रह कर चेकिंग करेगी। एसपी ने बताया कि लोग घरों में दीपक जलाएं, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। उन्होंने कहा कि जो भी कार्यक्रम होगा वह घर में ही किया जाए, घर से बाहर कोई भी कार्यक्रम नहीं किया जाए।
नहीं होंगे सार्वजनिक कार्यक्रम : डीएम
डीएम रमाकांत पांडेय के मुताबिक बुधवार को जिले में कोई भी सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं होगा इस पर पाबंदी लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों में दीपक जलाएं व कार्यक्रम करें। लेकिन घर से बाहर कोई कार्यक्रम नहीं करें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के नाम पर कही भी भीड़ जुटने नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी लोग उनके निर्देशों का पालन करें।