सीएए, एनआरसी, एनपीआर के विरोध में भीम आर्मी ने किया प्रदर्शन
नजीबाबाद। भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने पदोन्नति में आरक्षण समाप्त करने, सीएए, एनआरसी एवं एनपीआर लागू करने के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
भीम आर्मी भारत एकता मिशन के जिला उपाध्यक्ष अतर सिंह, जिला सचिव ललित कुमार, नगर अध्यक्ष आकाश कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने एससी, एसटी और ओबीसी का सरकारी नौकरी में आरक्षण, पदोन्नति में आरक्षण समाप्त करने, सीएए, एनआरसी व एनपीआर का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम संगीता को सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पदोन्नति में आरक्षण समाप्त करना संविधान विरोधी है। भारतीय समाज में समानता लाने तक आरक्षण की प्रक्रिया को सतत चलाने की मांग की। उन्होंने सीएए, एनआरसी और एनपीआर को वापस लेने की भी मांग उठाई। ज्ञापन देने वालों में विधान सभा अध्यक्ष जितेंद्र कुमार, विधान सभा उपाध्यक्ष नितिन कुमार, हरीश कुमार, रामनाथ सिंह, धर्मेंद्र सिंह, नरेश कुमार, विपिन कुमार, प्रशांत कुमार, निराला सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।