करुला नदी पुल निर्माण को लेकर भाकियू ने दिया धरना
स्योहारा। क्षेत्र के ग्राम मुंडा खेड़ी और गल्ला खेड़ी के बीच में करुला नदी पड़ती है, जिस पर पुल बना हुआ नहीं है। केवल नहर का पानी पास होने के लिए संदूक नुमा पुल बना हुआ है, जिस पर किसानों के वाहन पास नहीं होते। लगभग 50 गांवों के किसान गन्ने से भरे वाहनों को 10 से 15 किलोमीटर चक्कर काटकर स्योहारा शुगर मिल पहुंचते हैं। किसानों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
पुल निर्माण को लेकर भारतीय किसान यूनियन का धरना प्रदर्शन नदी किनारे हुआ, जहां पर एसडीएम धामपुर मनोज कुमार मौके पर किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसानों की जायज समस्या है, उसके निस्तारण के लिए किसानों का पूर्ण सहयोग करेंगे। ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी गजेंद्र सिंह टिकैत ने पुल निर्माण से संबंधित ज्ञापन एसडीएम धामपुर को सौंपा। उन्होंने प्रशासन से कहा कि गन्ना सीजन शुरू होने से पहले पुल का निर्माण होना जरूरी है। नहीं तो भारतीय किसान यूनियन बड़ा आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
उन्होंने किसानों से अपील की है आने वाली 24 तारीख को बिजनौर जिला मुख्यालय पर भारतीय किसान यूनियन का अग्निपथ योजना के विरोध में धरना-प्रदर्शन होगा। इस अवसर पर मुकेश फौजी, आलोक चौधरी, गजराज सिंह, महेश यादव, हरपाल प्रधान, आलोक यादव, प्रीतम सिंह यादव, ऋषि पाल सिंह यादव, राजीव कुमार, महिपाल सिंह, आलोक चौधरी, जबर सिंह सैनी, वीर सिंह सैनी, पोखर सिंह, गंभीर सिंह आदि मौजूद रहे।