बिजनौर में कृषि विभाग द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय रबी गोष्ठी, किसान मेले में डीएम विनोद पंवार ने कहा कि भुगतान के लिए शुगर मिल मालिकों को जेल में डालने से गन्ना भुगतान नहीं मिलेगा। गन्ना भुगतान दिलाने के लिए जिला प्रशासन और गन्ना विभाग द्वारा पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के जनपदों के मुकाबले बिजनौर में किसानों का सबसे अधिक भुगतान हुआ है। डीएम ने मेले में लगे स्टॉलों का भी निरीक्षण किया।
प्रदर्शनी मैदान में आयोजित मेले में डीएम ने किसानों से कृषि वैज्ञानिकों द्वारा दी जा रही तकनीकी जानकारी से खेती करने को कहा। उन्होंने 20 प्रगतिशील किसानों को सरसों के बीज की किट एवं इफ्को के जैव उर्वरक दिए । सीवीओ डा. रविंद्र कुमार ने पशुओं का टीकाकरण कराने को कहा। कृषि वैज्ञानिक एबी सिंह और नरेंद्र सिंह ने रबी को फसल को लगने वाले कीटों से बचाव के तरीके बताए।
उप कृषि निदेशक जसपाल सिंह ने विभाग द्वारा किसानों को अनेक योजनाओं पर दिए जा रहे अनुदान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस साल जिले में 319 ग्राम पंचायतों में मृदा परीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने किसानों को डीबीटी की भी जानकारी दी। जिला कृषि अधिकारी प्रमोद सिरोही ने रबी फसल के लिए बीज एवं खाद की उपलब्धता के बारे में बताया।
उप परियोजना निदेशक आत्मा योगेंद्रपाल सिंह योगी ने मृदा परीक्षण के बारे में विस्तृत जानकारी दी। भाकियू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामकुमार सिंह धनकड़ ने पेराई सीजन समय से शुरू कराने की मांग की। इफको के वरिष्ठ प्रबंधक एमएस तोमर ने उर्वरकों की खरीद पर किसान का बीमा होने की जानकारी दी।
मालती राजपूत को एक लाख, सुरेशा को 16 हजार और शकुंतला को 40 हजार रुपये का बीमा क्लेम प्रदान किया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक बाबूराम वर्मा ने उर्वरकों के प्रयोग का तरीका बताया। एआर कोऑपरेटिव एके सिंह ने समितियों में प्रचुर खाद होने की जानकारी दी। इफ्को से सतीश कुमार, वरिष्ठ क्षेत्र प्रबंधक विवेक सिंह आदि मौजूद रहे।