नामांकन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की उड़ती धज्जियां।
- फोटो : DHAMPUR
बिजनौर। एक ओर लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर लोग लापरवाही बरतने से बाज नहीं आ रहे। न तो लोग दो गज दूरी का पालन कर रहे हैं और न ही भीड़ वाले इलाकों में मास्क लगाए नजर आ रहे हैं। उधर स्वास्थ्य विभाग कोरोना के पहले से ज्यादा खतरनाक होने की चेतावनी दे रहा है।
अब जनपद में फिर से कोरोना संक्रमण रफ्तार पकड़ रहा है। इस माह की शुरुआत से लेकर अब तक केस तेजी से मिल रहे हैं। इसके बावजूद सतर्कता कहीं नजर नहीं आ रही है। लोगों की ऐसी उदासीनता उनके लिए संकट बन सकती है। हालात यह है कि बिना मास्क लगाए लोगों का पुलिस रोजाना चालान कर रही है और जुर्माना वसूल रही है। इसके बावजूद लोग मानने तो तैयार नहीं है। बुधवार को पंचायत चुनाव के लिए नामजदगी शुरू हो गई। पंचायत चुनावों में अपनी किस्मत आजमाने वाले लोग और उनके समर्थक दो गज दूरी और मास्क को भूल गए। बिना मास्क लगाए ही अधिकांश लोग विकास खंड कार्यालयों और जिला पंचायत दफ्तरों में चक्कर काटते नजर आए। इस दौरान पुलिस भी मूक दर्शक बनी रही।
कोरोना पहले से ज्यादा खतरनाक: सीएमओ
सीएमओ विजय कुमार यादव ने बताया कि कोरोना पहले से कहीं अधिक खतरनाक है। हमें सतर्कता बरतने की जरूरत है। मास्क लगाकर और सैनिटाइजर का प्रयोग कर हम इस संक्रमण से काफी हद तक बच सकते हैं। वहीं अपना नंबर आने पर सभी को वैक्सीन लगवा लेनी चाहिए।