देेखरेख के अभाव में खंडहर बने बरातघर
मंडावली/नजीबाबाद। समाज कल्याण विभाग की ओर से मंडावली क्षेत्र के गांवों में बनाए गए बरातघर देखरेख के अभाव में खंडहर में तब्दील हो गए हैं। ग्रामीणों की सुविधाओं के लिए बनाए गए ये बरातघर ग्रामीणों की पहुंच से दूर होते जा रहे हैं।
समाज कल्याण विभाग मुरादाबाद की ओर से एक दशक पूर्व मंडावली क्षेत्र के गांव मोहनपुर, प्रेमपुरी, शेखुपुरा आलम, लाहककला आदि गांवों में बरातघर बनवाए गए थे। लेकिन देखरेख के अभाव में ये बरातघर बदहाल हो गए हैं। ग्रामीणों मोहन कुमार, सत्यपाल सिंह, कुलदीप सिंह, सतीश कुमार, सूरज सिंह, नरपाल सिंह, दुष्यंत कुमार ने बताया कि गांवों में बने इन बरातघरों में नियमित सफाई और देखरेख न होने के कारण घास और झाड़ियां उग आई हैं। असामाजिक तत्वों के आवागमन से बरातघर में गंदगी फैली है। ग्रामीणों ने बताया है कि जब से यह बरातघर बने हैं इन बरातघरों में कोई शादी, समारोह नहीं हुआ है। कुछ शरारती तत्व खिड़की दरवाजे भी निकाल कर ले गए हैं। ग्रामीणों रमेश, संजय, सुरेश आदि का कहना है कि ग्राम पंचायतों में दो से तीन सफाई कर्मचारियों की तैनाती है, लेकिन फिर भी सफाई नहीं होती है। क्षेत्रीय ग्रामीणों ने प्रशासन से इन वीरान पड़े बरातघरों की सफाई कराने की मांग की है। एडीओ पंचायत ऋषि कुमार नजीबाबाद ने बताया कि जल्द ही बरातघरों का निरीक्षण कर वहां की सफाई कराई जाएगी।