बिजनौर में किसानों के बकाया गन्ना भुगतान को लेकर भाकियू 14 फरवरी को गन्ना मंत्री सुरेश राणा के आवास का घेराव करेगी। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत बिजनौर में होने वाले आंदोलन में शामिल होंगे। प्रदेश व्यापी आंदोलन को सफल बनाने के लिए गांवों में टीम उतारी गई है।
भाकियू जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह ने गांव सालमाबाद व रशीदपुर गढ़ी में हुई बैठक में बताया कि बजट में किसानों की अनदेखी, बकाया गन्ना मूल्य भुगतान, किसानों पर लाठी चार्ज, बिजली के बढ़े दाम आदि को लेकर पंचायत बुलाई गई है। 14 फरवरी का आंदोलन पूरे प्रदेश में होगा। शामली में गन्ना मंत्री सुरेश राणा आ आवास घेरा जाएगा। बिजनौर में होने वाले आंदोलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत भी शामिल होंगे। भाकियू के जिले के पहले जिलाध्यक्ष ठाकुर यशपाल सिंह के बेटे हर्षवर्द्धन ने कहा कि बाबा टिकैत के किसानों का शोषण न होने के सपने को सब मिलकर पूरा करेंगे। किसानों से 14 फरवरी को रशीदपुर गढ़ी चौक पर एकत्र होने के लिए कहा गया।
इस दौरान धीर सिंह बालियान, दीपक तोमर, अतुल कुमार, सतेंद्र कुमार, राजेंद्र सिंह, नरेश, मनोज, अनिल, शुभम चौधरी, डा.राहुल चौधरी, गौरव चौधरी, अवनीश, नीशु, शिशुपाल सिंह, रितेश आदि मौजूद रहे।
उधर, हल्दौर में भाकियू कार्यकर्ताओं ने 14 फरवरी को होने वाली महापंचायत में लिए जनसंपर्क किया। जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार, रामअवतार सिंह, प्रमोद कुमार, मुनिदेव, हुकुम सिंह, चुन्नी सिंह, रघुनाथ सिंह, केशव सिंह, फकीरचंद, मंगू सिंह, सत्यवीर सिंह आदि मौजूद रहे।
महापंचायत में शामिल होने का आह्वान
बिजनौर में आजाद किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने गांव अगरी, गौंसपुर, जलालपुर, धर्मनगरी, सालमाबाद, भरैरा आदि में जाकर पंचायत की। राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कहा कि किसान के अपमान को सहन नहीं किया जाएगा। जिलाध्यक्ष विरेंद्र सिंह ने कहा कि रशीदपुर गढ़ी में होने वाली महापंचायत को 18 से ज्यादा किसान संगठनों ने समर्थन दिया है। इन सभी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने समर्थकों के साथ महापंचायत में आएंगे। महापंचायत को सफल बनाने के लिए दस टीम गांव गांव जाकर पंचायत कर रही हैं। महापंचायत के बाद प्रशासन को किसानों का गन्ना भुगतान दिलाना होगा। नीरू पहलवान, हाजी शकील, सत्यपाल मौजूद रहे।