बंधक भूमि वाले किसानों को भी दोबारा लोन देगा बैंक : महेंद्र धनौरिया
धामपुर। भूमि विकास बैंक संचालक बोर्ड मुरादाबाद मंडल के निदेशक महेंद्र धनौरिया ने कहा कि भूमि विकास बैंक उन किसानों को भी लोन उपलब्ध कराया जाएगा। जिन किसानों ने अपनी खेती की जमीन को किसी दूूसरे बैंक में बंधक रख कर लोन ले रखा है। निदेशकों की 21 अक्तूबर को लखनऊ में संपन्न हुई संचालक बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पास हो गया है। यह दिसंबर से लागू कर दिया जाएगा।
निदेशक ने कहा कि बोर्ड की मंशा है कि किसानों को पूरी तरह से आत्मनिर्भर बनाने में कोई कसर न छोड़ी जाए। इसे देखते हुए व्यापक प्लान तैयार किया गया है। मुरादाबाद मंडल के सभी जिलों में 26 भूमि विकास बैंक संचालित हैं। बिजनौर जिले में आठ और धामपुर नगर में एक बैंक है। उन्होंने कहा कि किसी किसान की जमीन बैंक में बंधक होती थी तो उसे दोबारा लोन नहीं दिया जाता था। पर अब ऐसा नहीं होगा। जिन किसानों की जमीन पहले से किसी और बैंक में बंधक के रूप में रखी है, ऐसे किसान प्रस्ताव के क्रियान्वित होने के बाद दोबारा भूमि विकास बैंक में अपनी जमीन को बंधक रखकर लोन प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि मुरादाबाद मंडल में बोर्ड की ओर से करीब पांच करोड़ का लोन इस प्रकार के मद में वितरित किए जाने का लक्ष्य है। धामपुर में करीब 50 लाख का लोन बांटा जाएगा। इस लोन को प्राप्त करने के बाद किसान कोई भी काम कर सकता है। पर ऐसे किसानों को लोन पाने के बाद जमा करने की भी चिंता करनी होगी।