नगीना के सरकारी अस्पताल में घायलों का उपचार करते स्वास्थ्य कर्मी। संवाद
नगीना। मंगलवार को हरिद्वार-काशीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम पुरैनी के पास बाइक व स्कूटी की टक्कर में स्कूटी सवार एक्सिस बैंक के ब्रांच डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव वर्णित गोयल (28) की मौत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार तीन लोग घायल हुए हैं।
वर्णित गोयल धामपुर के मोहल्ला पहाड़ी दरवाजा के निवासी थे। वह दोपहर करीब 2:45 बजे स्कूटी से ग्राम पुरैनी में एक ग्राहक से मिलने आ रहे थे। इसी दौरान ग्राम तीबड़ी से अपने ग्राम पखनपुर निजामपुर देवसी जा रहे तीन ग्रामीणों की बाइक की टक्कर मोड पर स्कूटी से हो गई। दुर्घटना में दोनों वाहनों पर सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस व एंबुलेंस की मदद से चारों को नगीना के सरकारी अस्पताल में लाया गया। वहां वर्णित गोयल को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार ग्राम पखनपुर निवासी योगेंद्र (58), उमेश (62) व सूरजमणि (48) घायल हो गए।
योगेंद्र व सूरजमणि को हायर सेंटर रेफर किया गया है। मृतक वर्णित गोयल अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। पिता सराफा व्यापारी संजय गोयल अपनी पत्नी के साथ अस्पताल पहुंचे तो दोनों रो-रोकर बेहोश हो गए। उन्होंने बताया कि वर्णित का विवाह नहीं हुआ था। पांच माह पूर्व ही उन्होंने बैंक की नौकरी शुरू की थी। उनकी एक अविवाहित पुत्री भी है।
नगीना के सरकारी अस्पताल में घायलों का उपचार करते स्वास्थ्य कर्मी। संवाद
नगीना के सरकारी अस्पताल में घायलों का उपचार करते स्वास्थ्य कर्मी। संवाद