23 हजार से ज्यादा किसानों के बैंक खाते गलत
बिजनौर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में गलत खाता किश्त मिलने में अड़चन बन गया है। जांच में 23 हजार से अधिक किसानों के बैंक खातों की जानकारी गलत मिली है। इस वजह से इन्हें सम्मान निधि की किश्त नहीं मिल रही है।
किसान सम्मान निधि योजना में जिले में चार लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है। योजना की अब तक चार किश्त किसानों को दी जा चुकी हैं। अब भी अनेक खामियों से हजारों किसानों को किश्त नहीं मिल रही हैं। इनके आवेदनों में सुधार किए जा रहे हैं। जिले में 23 हजार से ज्यादा किसान ऐसे मिले हैं जिनके बैंक खातों की जानकारी गलत है। बिना खातों की जानकारी ठीक किए इनके खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की किश्त नहीं आएगी। शासन ने ऐसे सभी किसानों के आवेदन 31 मार्च तक ठीक कराने के निर्देश दिए हैं। बिजनौर तहसील में चार हजार 744, धामपुर तहसील में सात हजार 546, नगीना तहसील में तीन हजार 71, चांदपुर तहसील में चार हजार 707, नजीबाबाद तहसील में तीन हजार 768 किसानों के बैंक खातों में गड़बड़ी मिली है। उपकृषि निदेशक जेपी चौधरी के अनुसार काफी किसानों ने बैंक पासबुक की फोटो कॉपी उपलब्ध करा दी है। जिन किसानों ने पासबुक की फोटो कॉपी नहीं दी है। वे किसान उनके कार्यालय में पासबुक व आधार कार्ड की फोटो कॉपी उपलब्ध करा दें।