नगीना में चलती ट्रेन के कोच में जन्मी बच्ची के साथ स्वास्थ्य कर्मी। स्रोत स्वास्थ्यकर्मी।
- धरने में शामिल होने लखनऊ जा रही थीं स्वास्थ्यकर्मी, चलती ट्रेन में महिला ने दिया स्वस्थ बच्ची को जन्म
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। लखनऊ में आयोजित धरने में शामिल होने जा रहीं कोतवाली ब्लॉक की आशा बहनों और आशा संगिनियों ने मानवता और सेवाभाव की मिसाल पेश की। देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस के कोच में एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर आशा संगिनी पूनम और आशा बहन निशा ने सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
सीएचसी नगीना के प्रभारी डॉ. विशाल दिवाकर ने बताया कि विकासखंड कोतवाली की आशा बहनें और आशा संगिनियां शुक्रवार को लखनऊ में होने वाले धरने में शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार की रात ट्रेन से रवाना हुई थीं। यात्रा के दौरान एक परिवार की गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। ऐसे में आशा संगिनी पूनम और आशा बहन निशा ने तत्परता दिखाते हुए परिजनों की मदद से चादरों का पर्दा कराया और महिला का सामान्य प्रसव कराया। चलती ट्रेन में बच्ची की किलकारी गूंजते ही कोच का माहौल खुशी से भर गया। जच्चा और नवजात के स्वस्थ होने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और दोनों स्वास्थ्यकर्मियों का आभार जताया।