शेरकोट। गांव भिक्कावाला में कुकिंग सिलेंडर लीकेज होने से खाना बनाते समय बच्ची झुलस गई। इससे घर में रखा सामान भी जल गया। बच्ची को सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने बच्ची की हालत स्थिर बताई।
गांव निवासी राजबाला की 12 वर्षीय बच्ची वैशाली शनिवार की सवेरे नाश्ता तैयार कर रही थी। मां पशुओं को चारा डालने पशुशाला गई हुई थी। बेटा मोहित (23) वर्ष घर में था। बच्ची के नाश्ता बनाते समय कुकिंग सिलेंडर लीकेज होने से रसोई में आग लग गई।
इस कारण आग ने पूरे घर को चपेट में ले लिया। इससे बच्ची झुलस गई। भाई मोहित ने रसोई से बच्ची को बाहर निकाला। बहन को बचाते समय मोहित का हाथ जल गया। दोनों को ग्रामीणों ने सीएचसी में भर्ती कराया। आग लगने से घर में रखा पूरा सामान जल गया।
ग्रामीणों ने बालू और पानी डालकर आग पर काबू पाया। ग्रामीणों ने बताया विधवा राजबाला दोनों बच्चों के साथ अकेली घर में रहती है। उसके पति की आठ माह पहले जसपुर में सड़क दुुर्घटना में मौत हो गई थी, जबकि पुत्र टिवंकल की कुछ माह पहले ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के लिए प्रशासन से मुआवजे की मांग क। दूसरी तरफ तहसीलदार डॉ. जगन्नाथ सिंह ने कहा जांच कर पीड़ित को जरूरी मुआवजा दिलाया जाएगा।