बिजनौर में मोहम्मदपुर देवमल ब्लॉक में शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित करके राज्यमंत्री कपिलदेव अग्?
- फोटो : BIJNOR
‘ देश के लिए बलिदान की भावना रखें जागृत’
बिजनौर। आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। जिले के प्रभारी मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने शहीद स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित की। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि हम जिस क्षेत्र में भी हैं अपने दिल में देश की सुरक्षा, स्वतंत्रता और समृद्धि के लिए बलिदान की भावना को जागृत रखें। इस मौके पर स्कूली बच्चों, स्काउट गाइड व एनसीसी कैडेट ने प्रभातफेरी निकालीं।
ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल में शहीद स्थल पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि, डीएम उमेश मिश्रा, सीडीओ केपी सिंह सहित अन्य जन प्रतिनिधियों व अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश की आजादी में अपनी जान की आहुति देने वाले शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि देश की आजादी में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों की कुर्बानियों की वजह से ही हम स्वतंत्रता के साथ और सम्मान पूर्वक जीवन यापन कर रहे हैं। कहा कि काकोरी कांड भी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के जोश का परिणाम था, जो देश की आजादी के इतिहास में अपना महत्व रखता है। कहा कि हम जिस क्षेत्र में भी हैं अपने दिल में देश की सुरक्षा, स्वतंत्रता और समृद्धि के लिए बलिदान की भावना को जागृत रखें और व्यवहारिक रूप से उसका प्रदर्शन भी करते रहें। देश के सुरक्षित रहने से ही हम सब सुरक्षित हैं। देश शक्तिशाली और समृद्ध होगा तो हम भी शक्तिशाली और समृद्ध होंगे। सूचना विभाग द्वारा एलईडी वैन से राज्यपाल व मुख्यमंत्री के भाषण सहित संपूर्ण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। सीडीओ केपी सिंह ने रंगोली की सराहना की। इस दौरान विधायक सुचि मौसम चौधरी, जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डा.हरेंद्र, उप जिला मजिस्ट्रेट मोहित कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं जन प्रतिनिधि मौजूद रहे।