स्योहारा । साइबर ठगी के प्रयास का एक नया मामला सामने आया है। स्योहारा में बीडीओ रहे और वर्तमान में शाहजहांपुर में डीडीओ के पद पर तैनात ऋषिपाल सिंह के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बना ली गई। इसके माध्यम से उनके परिचितों को संदेश और फोन कर ठगी का प्रयास किया जा रहा है।
फर्जी फेसबुक आईडी बनाने वाला व्यक्ति स्वयं को संतोष मिश्रा बताते हुए सीआरपीएफ का बड़ा अधिकारी होने का दावा कर रहा है। वह पहले जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह बनकर उनके परिचितों से संपर्क करता है और बताता है कि उसका दोस्त संतोष मिश्रा सीआरपीएफ में अधिकारी है। उसका स्थानांतरण दूसरी जगह होने के कारण वह घर का फर्नीचर बेहद सस्ते दामों पर बेच रहा है।
इसके बाद दूसरा व्यक्ति अलग फोन नंबर से स्वयं को संतोष मिश्रा बताकर बातचीत करता है। आरोप है कि फर्जी आईडी और फोन नंबरों के माध्यम से लोगों से पैसे की मांग भी की जा रही है।
मामले की जानकारी होने पर डीडीओ ऋषिपाल सिंह ने सभी परिचितों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने फोन और फेसबुक के माध्यम से स्पष्ट किया है कि उनके नाम से बनाई उक्त फेसबुक आईडी फर्जी है इस तरह के संदेश, फोन कॉल अथवा पैसे की मांग पर विश्वास न करें। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को पैसे न भेजने की अपील की। सीओ अंजनी चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जानकारी की जा रही है।