सीओ नजीबाबाद नितेश प्रताप सिंह ने बताया कि जलालाबाद के मोहल्ला शेख सराय निवासी अरमान (15) की हत्या करने वाले एक आरोपी शमशाद को गिरफ्तार किया गया। शमशाद जलालाबाद की आसरा कॉलोनी का रहने वाला है। बताया कि गफ्फार और शमशाद में गहरी दोस्ती है, दोनों नशेड़ी भी हैं। अरमान अक्सर इन दोनों का मजाक उड़ाया करता था।
मंगलवार शाम अरमान ने इन दोनों के साथ मजाक किया। मजाक ही मजाक में गफ्फार के सिर से टोपी उतार ली। अरमान की इन हरकतों को लेकर दोनों पहले से ही रंजिश रखते थे, इसलिए दोनों को भड़कने में देर नहीं लगी। दोनों आरोपियों ने पास में पड़े डंडे से पीट पीटकर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गए। अरमान को अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने शमशाद की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद कर लिया। पुलिस ने इस हत्या का महज 24 घंटे में ही खुलासा कर दिया। पुलिस गफ्फार की तलाश कर रही है।